प्रकाश राज/ हाजीपुर
आज बुधवार कि सुबह एक तरफ बहन की डोली उठी और दूसरी तरफ भाई की अर्थी एक साथ घर से निकली। इस हृदय विदारक घटना को देखकर हर किसी की आंखें नम हो गई। दुल्हन बनी बहन चित्कार मार कर रो रही थी। परिजनों का रो रो कर बुरा हाल था। बारातियों की आंखें में भी नम हो गई थी। परिजन ने किसी तरह बेटी की विदाई कर शव का अंतिम संस्कार किया। जानकारी के अनुसार यह घटना जिले के बिदुपुर प्रखंड के रहीमापुर गांव की है जहां नवाब लाल सिंह की पुत्री सीमा कुमारी की शादी को लेकर मंगलवार की रात राजापाकर के बैकुंठपुर से बारात आई थी। लड़की के चचेरे भाई 18 वर्षीय सुनील कुमार ने पहले फलदान और तिलक की रस्म अदा की। धूमधाम से दरवाजा भी लगा। इसी बीच घर में ही सुनील करंट की चपेट में आ गया। और बेसुध होकर गिर पड़ा। शादी की रस्म पूरी होने के बाद दुल्हन जब अपने घर के अंदर प्रवेश की तो जमीन पर गिरे भाई पर उसकी नजर पड़ी। शोर मचाने पर परिजन सुनील को इलाज के लिए हाजीपुर ले गए जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मौत की जानकारी मिलते ही परिजनों के साथ साथ पूरा ग्रामीण गम में डूब गए। शादी के मंगल गीत व खुशियां मातम में बदल गई। आज सुबह बेटी की डोली को विदा करने के बाद सुनील का अंतिम संस्कार हुआ।