एस. के.गांधी,लखीसराय।
भारत की जनगणना 2021 हेतु मकान सूचीकरण एवं राष्ट्रीय जनसंख्या रजिस्टर अद्यतनीकरण की तैयारी शुरू हो गई है। इसके लिए आज मंत्रणा कक्ष में जिला स्तरीय पदाधिकारी, चार्ज पदाधिकारी, एवं सहायक चार्ज पदाधिकारियों का दो दिवसीय प्रशिक्षण सत्र प्रारंभ हुआ।
प्रशिक्षण सत्र को संबोधित करते हुए जिला जनगणना पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी श्री शोभेन्द्र कुमार चौधरी ने कहा कि प्रत्येक 10 वर्षों पर जनगणना की जाती है। जनगणना का कार्य अति महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी जिला स्तरीय पदाधिकारियों, चार्ज पदाधिकारी, सहायक पदाधिकारी सहित जनगणना से जुड़े अन्य पदाधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जनगणना से संबंधित तकनीकी जानकारी के विषय में तथा प्रगणको द्वारा घर-घर जाकर भरे जाने वाले प्रपत्रों के विषय में अच्छी तरह से प्रशिक्षण प्राप्त करें। प्रपत्र के वांछित बिंदुओं के संबंध में किसी तरह की शंका हो तो उसे दूर करें। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण के लिए राज्य मुख्यालय से दो मास्टर ट्रेनर उपलब्ध हैं, जो आपको तमाम तकनीकी जानकारियां इस संबंध में देंगे।
उन्होंने कहा कि जनगणना के लिए प्रगणक ब्लॉक का सीमांकन होना है। प्रत्येक प्रगणक को 150 घर एवं न्यूनतम 650 से अधिकतम 800 की जनसंख्या के प्रगणक ब्लॉक दिए जाएंगे। दिए गए प्रगणक ब्लॉक में संबंधित प्रगणक को विहित प्रपत्र में घर-घर जाकर वांछित सूचनाएं भरनी होंगी। आज के इस प्रशिक्षण सत्र में प्रपत्र के सभी बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा होगी एवं इसकी जानकारी दी जाएगी। आप अवगत हैं कि जनगणना के समय लोगों द्वारा दी जा रही जानकारियां पूर्णतया गोपनीय रखी जाती है। इसलिए जनगणना के समय किसी भी व्यक्ति को कोई शंका हो तो इस तथ्य की उन्हें जानकारी दी जानी चाहिए एवं सही-सही सूचनाएं प्रपत्र में भरी जानी चाहिए। साथ ही, इस बात का ध्यान रखना होगा कि जो लोग व्यवसाय अथवा अन्य कारणों से स्थाई रूप से घर से बाहर रह रहे हैं, उनकी जनगणना उन्हीं स्थानों पर होगी जहां वे रह रहे हैं परंतु ऐसे लोग जो अस्थाई रूप से दो-चार दिनों के लिए बाहर हैं अथवा 45 दिनों के अंदर पुनः वापस आ जाने की संभावना है, तो ऐसे लोगों की गिनती एवं उनकी वांछित सूचनाएं विहित प्रपत्र में अवश्य भरी जाएंगी।
गौरतलब है कि यह जनगणना 2021 स्वतंत्रता प्राप्ति के बाद आठवीं जनगणना है। आज के प्रशिक्षण सत्र में राज्य मुख्यालय से आये मास्टर ट्रेनरों द्वारा मकान सूचीकरण, राष्ट्रीय जनसंख्या रजिस्टर के अद्यतनीकरण के सभी तकनीकी बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई एवं जनगणना कार्य से जुड़े पदाधिकारी एवं कर्मियों को जानकारी दी गई। प्रगणक ब्लॉक के गठन, उसके नजरी नक्शा, मकान सूचीकरण, परिवार की परिभाषा, मकानों के प्रकार सहित अन्य बिंदुओं पर विस्तार से जानकारी दी गई ताकि जनगणना के वक्त इससे जुड़े कर्मियों को क्षेत्र में जाने पर परेशानी न हो। जनगणना से जुड़े अन्य शेष बिंदुओं पर कल 27 फरवरी को इन सभी जिला स्तरीय पदाधिकारियों चार्ज पदाधिकारी एवं सहायक चार्ज पदाधिकारियों का पुनः प्रशिक्षण होगा।
अपर समाहर्ता मो० इबरार आलम ने जानकारी देते हुए बताया कि भारत की जनगणना 2021 के तहत किए जाने वाले कार्यों के सुचारू संचालन हेतु जिला स्तरीय पदाधिकारियों, चार्ज पदाधिकारी, सहायक चार्ज पदाधिकारी के अलावे कंप्यूटर ऑपरेटर, फील्ड ट्रेनर, प्रगणक एवं पर्यवेक्षकों के लिए प्रशिक्षण के कार्यक्रम निर्धारित किए गए हैं। 28 फरवरी एवं 29 फरवरी को जिला एवं प्रत्येक चार्ज पदाधिकारी द्वारा नामित सहायक एवं कंप्यूटर ऑपरेटरों का प्रशिक्षण होगा। फील्ड ट्रेनर के लिए तीन चरणों में प्रशिक्षण का कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। प्रथम चरण 16 मार्च से 20 मार्च तक चलेगा, द्वितीय चरण 23 मार्च से 27 मार्च तक होगा तथा फील्ड ट्रेनरों का तृतीय चरण का प्रशिक्षण 2 अप्रैल से 7 अप्रैल 2020 तक होगा। इसके अलावा प्रगणक एवं पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण प्रखंड मुख्यालय में 10 अप्रैल से 10 मई,2020 तक दिए जाने का कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। साथ ही, सुचारू कार्य संचालन के लिए जनगणना कोषांग के गठन, स्लम एरिया की सूची, विशेष क्षेत्रों की सूची भी तैयार करने की कार्रवाई की जा रही है। ।
आज के प्रशिक्षण-सत्र के दौरान अपर समाहर्ता मोहम्मद इबरार आलम, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी श्री अजय कुमार, जिला योजना पदाधिकारी श्री गजेंद्र कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, राज्य मुख्यालय से आए मास्टर ट्रेनर श्री वीरेंद्र कुमार एवं श्री राधे श्याम कुमार, जिला अल्पसंख्यक कल्याण पदाधिकारी, सभी चार्ज पदाधिकारी-सह-प्रखंड विकास पदाधिकारी, सहायक चार्ज पदाधिकारी एवं जनगणना से जुड़े अन्य पदाधिकारीगण तथा कर्मीगण उपस्थित थे।