एस. के.गांधी,लखीसराय।
लखीसराय 20 फरवरी 2020
राज्य आयुक्त नि:शक्तता एवं जिला पदाधिकारी श्री शोभेन्द्र कुमार चौधरी की मौजूदगी में जिला प्रशासन की ओर से दिव्यांग जनों की समस्याओं के तत्क्षण निपटारे हेतु गांधी मैदान में आयोजित चलंत न्यायालय में हजारों की संख्या में दिव्यांगों की समस्याओं का निराकरण किया गया। राज्य आयुक्त नि:शक्तता डॉ० शिवाजी कुमार ने दिव्यांगों की समस्याओं को सुनकर तत्काल उन्हें वांछित योजनाओं का लाभ दिलाने हेतु चलंत न्यायालय में आदेश पारित किये गये।
रामगढ़ चौक के फेंकू भगत एवं विभिन्न प्रखंडों से आये घोल्टन मंडल, कुंती देवी, बुधनी देवी, कृष्णा महतो, लक्ष्मी रजक, सबिला खातुन, बाल सुन्दर तांती, भरत कुमार पासवान, जगदेव सिंह, शम्भु कुमार, सुमित कुमार सहित हजारों की संख्या में दिव्यांगों को प्रधानमंत्री आवास, मनरेगा जॉब कार्ड, श्रम कार्ड, रेलवे कंसेशन पास, ट्राई साइकिल, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, राशन कार्ड, रोजगार हेतु ऋण सहित अन्य विभिन्न योजनाओं का लाभ उनकी अहर्ता एवं वांछित योग्यता के अनुसार दिलाने हेतु अनुशंसित किया गया। लगभग 300 से अधिक दिव्यांगों को चलंत न्यायालय में दिव्यांग प्रमाणीकरण, यूडी आईडी कार्ड मुहैया कराया गया।
सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा श्री राकेश कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि जिन दिव्यांगों का आज के चलंत न्यायालय में दिव्यांग प्रमाणीकरण नहीं हो पाया है, उनके लिए भी उनके संबंधित प्रखंड के स्वास्थ्य केंद्रों पर दिव्यांग प्रमाणीकरण होगा। उन्होंने दिव्यांगों से अपील की कि आप अपने संबंधित प्रखंडों के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर जाकर अपना दिव्यांग का प्रमाणीकरण प्राप्त करें।
गौरतलब है कि राज्य आयुक्त नि:शक्तता डॉ० शिवाजी कुमार पिछले तीन दिनों से लखीसराय के दौरे पर हैं, जिसके क्रम में उन्होंने सभी प्रखंडों का दौरा कर दिव्यांगों से सीधा संवाद स्थापित करते हुए चलंत न्यायालय में आकर अपनी समस्याओं का निराकरण पाने हेतु आह्वान किया था। जिला प्रशासन के तत्वावधान में आयोजित आज के इस कार्यक्रम में हजारों की संख्या में दिव्यांगजन पहुंचे एवं उनकी समस्याओं का ऑन-द-स्पॉट निराकरण किया गया। गांधी मैदान में आयोजित उक्त चलंत न्यायालय में सभी विभागों के काउंटर बनाए गए थे, जिसमें संबंधित विभाग के पदाधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे, जिनके द्वारा राज्य आयुक्त नि:शक्तता के पारित आदेशानुसार उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने हेतु तत्क्षण सुविधा मुहैया कराई।
इसके पूर्व चलंत न्यायालय का उद्घाटन राज्य आयुक्त नि:शक्तता डॉ० शिवाजी कुमार, जिला पदाधिकारी श्री शोभेन्द्र कुमार चौधरी ने संयुक्त रूप से किया। मौके पर उप विकास आयुक्त श्री विनय कुमार मंडल, सिविल सर्जन डॉक्टर सुरेश शरण, भूमि सुधार उप समाहर्ता श्री नीरज कुमार, जिला पंचायती राज पदाधिकारी श्री राजीव कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी श्रीमती सुनैना कुमारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्री रंजन कुमार, बाल विकास परियोजना की जिला प्रोग्राम पदाधिकारी श्रीमती अनुपमा, कार्यपालक दंडाधिकारी श्री राजीव मोहन सहाय, स्वास्थ्य विभाग के डीपीएम सहित कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु प्रखंड विकास पदाधिकारी गण, बाल विकास परियोजना पदाधिकारीगण, चिकित्सक, जीविका, आंगनबाड़ी की सेविका, सहायिका एवं सभी विभाग के पदाधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।