जितनारायण शर्मा,गोड्डा, झारखंड।
जिला प्रशासन के कुशल मार्गदर्शन में चल रहे फुलो झानो सक्षम आजीविका सखी मंडल की महिलाएं अब चारदीवारी से बाहर निकल व्यवसाय के तौर तरीकों की समझने का काम कर रहीं हैं। महिलाएं अब सिर्फ पोशाक तैयार करने तक सीमित न रह कर उनके वितरण आदि की पेंचिदगियों को समझने का काम भी कर रहीं है। मंगलवार को फुलो झानो सखी मंडल की अध्यक्षा शांता देवी और सचिव लूसी देवी खुद बसंतराय प्रखंड के मध्य विद्यालय विशनपुर पहुंची। जहां खुद अपने हाथों कक्षा एक से कक्षा 5 तक के बच्चों के लिए स्वेटर और जूते का वितरण किया। इस मौके पर कुल अस्सी विद्यालय के प्रधान शिक्षकों को बुलाया गया था। अध्यक्ष शांता देवी और सचिव लूसी देवी ने शिक्षकों के बातचीत करके वितरण व्यवस्था में आने वाली चुनौतियों को भी समझा ताकि इसके लिए बेहतर व्यवस्था बनाई जा सके। आपको बता दें कि जेएसपीएल द्वारा गठित फुलो झानो सक्षम आजीविका सखी मंडल नामक एसएचजी से तकरीबन 1500 के करीब महिलाएं जुड़ी हैं. महिला सशक्तिकरण को ध्यान में रखते हुए उपायुक्त किरण कुमारी पासी इस परियोजना को लेकर खास दिलचस्पी रखती हैं . फुलो झानो सखी मंडल की ओर से फिलहाल चार मेगा वस्त्र उत्पादन केन्द्र सहित कुल सत्रह सिलाई सेंटर का संचालन किया जा रहा है, जिसके संचालन में अदाणी फाउंडेशन की मदद ली जा रही है। फुलो झानो सखी मंडल की ओर से बैंक लोन लेकर सुंदरपहाड़ी में एक स्वचालित स्वेटर उत्पादन केन्द्र भी स्थापित किया है।