इंडिया न्यूज नाऊ/मोतिहारी/मधुरेश।
जिला भाजपा के उपाध्यक्ष चुम्मन प्र.यादव ने अपने पद एवं पार्टी की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। पूर्वी चंपारण जिले में भाजपा के संस्थापकों में शामिल रहे थे श्री यादव बीते कुछ वर्षों से भाजपा के जिला नेतृत्व से नाराज चल रहे थे। उन्होंने पार्टी के जिला नेतृत्व पर अपनी उपेक्षा का आरोप लगाया है।
भाजपा के जिलाध्यक्ष प्रकाश अस्थाना को श्री यादव ने अपना स्वलिखित त्यागपत्र भेज दिया है। पार्टी से त्यागपत्र देने के बाद श्री यादव ने आज मीडियाकर्मियों से बातचीत की। बातचीत के दौरान पार्टी छोड़ने का दर्द स्पष्ट रुप से उनके चेहरे पर झलक रहा था।
श्री यादव ने कल्याणपुर के विधायक पर भी उन्हें दरकिनार करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि गत् विधानसभा चुनाव के बाद से विधायक उन्हें लगातार उपेक्षित कर रहे थे। भाजपा नेतृत्व पर पिछड़ा वर्ग के कार्यकर्ताओं की उपेक्षा का भी आरोप श्री यादव ने लगाया।
कल्याणपुर में कल संपन्न हुए कल्याण महोत्सव के आयोजन के नाम पर बेलगाम धन की उगाही करने का आरोप भी श्री यादव ने आयोजकों पर लगाया। उन्होंने कहा कि बाध्य होकर भारी मन से आज मैं अपनी 40 वर्षों की तपस्या को भंग करते हुए भाजपा से नाता तोड़ रहा हुं।
अगामी योजना के बारे में पुछे जाने पर श्री यादव ने कहा कि पं.दीनदयाल उपाध्याय हमारे आदर्श हैं और मेरे शरीर के रोम-रोम में राष्ट्रवाद भरा हुआ है। अपने समर्थकों से विचार-विमर्श कर वे नये संगठन की नींव रखेंगे। नया संगठन पं.दीनदयाल उपाध्याय के बताए मार्ग पर चलकर देश एवं समाजहित में कार्य करेगा।
*चुम्मन प्र.यादव सम्मानित नेता : विधायक*
उधर, इन आरोपों के संदर्भ में पुछे जाने पर कल्याणपुर के विधायक सचिन्द्र प्रसाद सिंह ने कहा कि चुम्मन प्रसाद यादव जी हमारी पार्टी के सम्मानित नेता हैं। अगर पार्टी ने उनकी उपेक्षा की होती तो वे प्रखंड अध्यक्ष से लेकर जिला भाजपा के उपाध्यक्ष पद तक का सफर तय नहीं करते। श्री यादव द्वारा अपने उपर लगाये गये आरोपों को विधायक श्री सिंह ने सिरे से खारिज कर दिया। विधायक ने कहा कि मैंने हमेशा श्री यादव जैसे वरीय नेताओं को सम्मान देने का काम किया है और भविष्य में भी अपने वैसे नेताओं को सम्मान देता रहुंगा।