इंडिया न्यूज नाऊ/मोतिहारी/मधुरेश।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अति महत्वाकांक्षी सात निश्चय योजना में भ्रष्टाचार चरम पर है। आज इसका खुलासा तब हुआ जब पूर्वी चंपारण के जिला मुख्यालय मोतिहारी के सदर प्रखंड का एक मुखिया घूस की रकम के साथ निगरानी के हत्थे चढ़ गया। मुखिया कामेश्वर कुमार प्रखंड परिसर में आज सात निश्चय योजना में डेढ़ लाख रुपये घूस ले रहा था। उसी दौरान पटना से आई निगरानी की टीम ने उसे रंगेहाथ दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद निगरानी की टीम मुखिया को लेकर पटना के लिए प्रस्थान कर गई।
मिली जानकारी के अनुसार सरकार की अति महत्वाकांक्षी सात निश्चय योजना में मुखिया कामेश्वर कुमार वार्ड सदस्य से रिश्वत मांग रहा था। वार्ड सदस्य उपेंद्र सहनी ने इसकी शिकायत निगरानी विभाग में की थी।
वार्ड सदस्य की शिकायत का निगरानी विभाग ने सत्यापन कराया। जांच में मामले को सही पाकर निगरानी टीम ने अपना जाल बिछाया। इसमें मुखिया कामेश्वर कुमार फंस गया। इस दौरान आज अपराह्न मोतिहारी सदर प्रखंड परिसर में बीडीओ आवास के समीप रिश्वत लेते मुखिया को निगरानी टीम ने रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। मुखिया की गिरफ्तारी के बाद प्रखंड परिसर में अफरातफरी मच गई। इसको लेकर लोग तरह-तरह की चर्चा करने लगे।