विवेक मुस्कान इंडिया न्यूज नाउ
दरभंगा :- समाज कल्याण विभाग, बिहार के अपर सचिव-सह-जिला प्रभारी सचिव श्री अतुल प्रसाद ने जल-जीवन-हरियाली, नशा मुक्ति, बाल विवाह एवं दहेज प्रथा उन्मूलन अभियान के संदर्भ में दिनांक 19 जनवरी, 2020 को बनाई जा रही राज्यव्यापी मानव श्रृंखला निर्माण की जिला में की जा रही तैयारी पर संतोष एवं हर्ष व्यक्त किया है।
उन्होंने कहा कि बिहार राज्य में तीसरी बार राज्यव्यापी मानव श्रृंखला का निर्माण किया जा रहा है। इस बार मानव श्रृंखला एक साथ चार थीमों पर बनाई जा रही है। सभी विषय काफी प्रासंगिक एवं सामाजिक सरोकार से जुड़ा हुआ है। इसलिए आमलोगों में मानव श्रृंखला निर्माण के प्रति विशेष उत्सुकता देखी जा रही है जो स्वभाविक है।
उन्होंने कहा कि राज्य के सभी जिलों में मानव श्रृंखला निर्माण की अच्छी तैयारी चल रही है। सभी जिले एक से बढ़कर एक नयी एक्टिविटी प्लान कर रहे है। इसलिए दरभंगा जिला की टीम को आंतरिक प्रेरणा के साथ सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करनी होगी।
सचिव महोदय ने मानव श्रृंखला निर्माण में नवाचार एवं अन्य कई विशेष एक्टिविटी का प्रयोग करने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि मानव श्रृंखला निर्माण के स्टार्ट एवं एंड के समय कुछ विशेष प्रकार के ध्वनि संदेश प्रसारित किये जाये। 11ः30 बजे से 12ः00 बजे के बीच श्रृंखला कहीं से टूटने नहीं पाये। उन्होंने कहा कि यह मानव श्रृंखला मुख्य रूप से जल-जीवन-हरियाली के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए बनाई जा रही है। इसलिए इस अवसर पर कम से कम 01 लाख पौधारोपण कराया जाना श्रेयष्कर रहेगा।
उन्होंने कहा कि इस मानव श्रृंखला में सभी वर्ग के लोगों/सरकारी/अर्धसरकारी/गैर सरकारी/निगम/बोर्ड आदि की सहभागिता कराई जाये। उन्होंने वरीय पुलिस अधीक्षक, दरभंगा बाबू राम को मानव श्रृखला में जिला पुलिस बल के जवानों की भी सहभागिता कराने का सुझाव दिया।
उन्होंने कहा कि मानव श्रृंखला में सभी लोग, स्त्री/पुरूष, विद्यार्थी, शिक्षक, अधिकारी, जनप्रतिनिधि, किसान, मजदूर, व्यवसायी हर्ष की मुद्रा में पारपरिक एवं रंग-बिरंगे विशेष परिधानों में भाग लें। कहा कि दरभंगा का बड़ा समृद्ध एवं गौरवशाली इतिहास रहा है। यहाँ के महापुरूषों की गणना पूरी दुनिया में होती है। इसलिए इन महापुरूषों की परिकृति में भी कुछ लोग श्रृंखला में खड़े किये जाये। इससे एक बड़ा संदेश देश दुनिया को जायेगा।
इसके पूर्व जिलाधिकारी, दरभंगा डॉ. त्यागराजन एस.एम. द्वारा जिला में 468 कि.मी. लम्बी मुख्य मानव श्रृंखला निर्माण की माइक्रो प्लानिग के बारे में विस्तार से बताया गया। उन्होंने कहा कि 468 कि.मी. मुख्य रूट के अतिरिक्त जिला के सभी 2800 विद्यालयों में 01 से 04 वर्ग के बच्चों के द्वारा भी मानव श्रृंखला बनाई जायेगी। यह बहुत आकर्षक होगा।
वहीं जिला के सभी 4470 ग्राम पंचायत वार्डों में भी कम से कम 100-100 लोग मानव श्रृंखला बनायेगे। इस प्रकार दरभंगा जिला में 15 लाख से अधिक लोगों के मानव श्रृंखला में भाग लेने की प्रबल संभावना है। उन्होंने कहा कि मानव श्रृंखला निर्माण में भाग लेने के लिए आमलोगों को जागरूक करने हेतु विविध प्रकार की गतिविधियाँ चलाई जा रही है। इसमें मल्टीमीडिया जागरूकता रथ के द्वारा डॉक्यूमेट्री फिल्म का प्रदर्शन, कला-जत्था टीम के द्वारा नुक्कड़ नाटक का प्रदर्शन के अलावा मोटर साईकिल/साईकिल रैली, सभी विद्यालयों में रंगोली/निबंध/क्विज प्रतियोगिता, आई.सी.डी.एस. केन्द्रों/जीविका समूहों आदि के द्वारा पेंटिग प्रतियोगिता, मेंहदी प्रतियोगिता आदि गतिविधियों के द्वारा जागरूकता संदेश को प्रसारित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जिला में चलाये जा रहे सभी गतिविधियों को प्रिंट/इलेक्ट्रोनिक मीडिया के माध्यम से व्यापक प्रसार-प्रसार कराया जा रहा है। इसमें सभी मीडिया हाउस का पूरा-पूरा सहयोग प्राप्त हो रहा है।
जिलाधिकारी द्वारा घोषणा किया गया कि मानव श्रृंखला निर्माण में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जन प्रतिनिधियों/अधिकारियों/मीडिया प्रतिनिधियों आदि को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जायेगा।
इस बैठक में जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम., वरीय पुलिस अधीक्षक बाबू राम के अलावा नगर आयुक्त घनश्याम मीणा, अपर समाहर्त्ता विभूति रंजन चौधरी, उप विकास आयुक्त डॉ. कारी प्रसाद महतो, सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी, अनुमण्डल पदाधिकारी, अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी, सभी प्रखण्ड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी आदि सम्मिलित हुए।