आरिफ हुसैन जामताड़ा
करमाटांड़ प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय जगन्नाथपुर में अभिभावक शिक्षक संघ दिवस सह हिन्दी दिवस का आयोजन शनिवार को किया गया। इस दिवस पर आयोजित बैठक की अध्यक्षता डुमरिया पंचायत की मुखिया लील मुनि मुर्मू ने किया। स्वागत गान गाकर बाल संसद के सदस्यों ने उपस्थित अभिभावकों का स्वागत किया। कार्यक्रम में मुखिया ने संबोधित करते हुए कहा कि बच्चों की शत-प्रतिशत उपस्थिति के लिए अभिभावकों का सहयोग आवश्यक है। अभिभावक विद्यालय में बच्चों को नियमित रूप से भेजने के लिए प्रेरित करें। विद्यालय के विकास के लिए हर संभव मदद किया जाएगा। विद्यालय के अवशेष चहारदीवारी का निर्माण यथाशीघ्र किया जाएगा। प्रधानाध्यापक विद्यासागर ने बताया कि वर्ग अष्टम के बच्चों को साइकिल एवं वर्ग 1 से 8 तक के बच्चों को छात्रवृत्ति, मध्याह्न भोजन, पोशाक, स्कूल कीट जैसी सरकारी सुविधाएं दी जा रही है। ज्ञान सेतु के तहत बच्चों की पढ़ाई के आधार को मजबूत किया जा रहा है। यह बैठक शिक्षक और अभिभावक के बीच एक कड़ी का काम करेगी, जिससे विद्यालय और छात्रों का विकास हो सकेगा। विद्यालय एक उपवन हैं। बच्चे उसके फूल हैं। उन फूलों को हम शिक्षक शिक्षा से पोषण करते हैं। यही उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनाने के लिए प्रेरित करते हैं।एक समय में शिक्षक एक ईश्वर की तरह वास्तविक रूप से पूज्यनीय होते थे। आज इस स्तर में बहुत बदलाव आया हुआ है। इसके लिए हम सभी समाज के लोग जिम्मेदार हैं। हम सब मिलकर विद्यालय की शिक्षा और माहौल को बेहतर बना सकते हैं। मौके पर बाल संसद के सदस्यों ने मुख्यमंत्री शैक्षिक भ्रमण योजना के अपने अनुभव को साझा किया। शैक्षिक भ्रमण योजना में दिल्ली, जयपुर, आगरा गए छात्र- छात्राओं ने अपने प्रसन्नता व्यक्त की। उपस्थित अभिभावकों ने यह संकल्प लिया कि विद्यालय के विकास में और बच्चों को नियमित रूप से भेजने में वे अपना सहयोग देंगे। विद्यालय और आसपास के वातावरण को साफ रखने में मदद करेंगे। संथाली के अंतर्गत ओलचिकी की पढ़ाई के लिए अभिभावकों ने अनुरोध किया। सीआरपी राजेश गुप्ता ने बताया कि बहुत जल्द उत्क्रमित मध्य विद्यालय जगन्नाथपुर में ओलचिकी के शिक्षक के द्वारा संथाली भाषा की पढ़ाई होगी। हिन्दी दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों के द्वारा हिन्दी कविता का पाठ किया। मौके पर एसएमसी अध्यक्ष मंगल किस्कू, अभिभावक सिकंदर सोरेन, कालेश्वर सोरेन, मुंशी सोरेन, श्याम मुर्मू, मथन मुर्मू तथा शिक्षक शंकर पंडित मोतीलाल पंडित, मोहन पंडित, ख्रीस्टीना हेंब्रम सहित विद्यालय के छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।