बद्रीप्रसाद गुप्ता, लातेहार।
झारखंड नरेगा वाच के संयोजक सह अपने आप को सामाजिक कार्यकर्ता की उपाधि देने वाले जेम्स हेरेंज की कार्यप्रणाली से महुआडांड प्रखण्ड आपूर्ति पदाधिकारी वी बाखला व महुआडांड प्रखण्ड के राशन डीलरों में काफी आक्रोश देखा जा रहा है। इस संबंध में राशन डीलरों का कहना है कि हमलोग निर्धारित दर व मात्रा में कार्डधारियों के बीच खाद्यान्न का वितरण कर रहें हैं परंतु एक सोची समझी साजिश के तहत विशेष कर जेनरल तबके के राशन डीलरों को लक्ष्य बना कर जेम्स हेरेंज के द्वारा गलत तरीके से जांच कर कुछ चुनिंदा अखबारों में प्रकाशित करवाने का कार्य किया जा रहा है। जिससे हम सही होते हुए भी अपने आप को काफी असुरक्षित महसूस कर रहें हैं। वहीं इस संबंध में महुआडांड प्रखण्ड आपूर्ति पदाधिकारी वी बाखला ने बताया कि महुआडांड प्रखण्ड के राशन डीलरों के द्वारा निर्धारित दर व मात्रा में कार्डधारियों के बीच खाद्यान्न का वितरण किया जा रहा है। मुझे अखबारों के माध्यम से जानकारी मिल रही है कि जेम्स हेरेंज के द्वारा राशन डीलर के दुकानों का जांच किया जा रहा है। डीलरों के दूकान का जांच करने से पहले जेम्स हेरेंज के द्वारा उन्हें जानकारी तक नही दी जाती है। वे मनमानी तरीके से गलत तरीके से जांच कर आरोप लगाने करने का कार्य कर रहे हैं। महुआडांड प्रखण्ड आपूर्ति पदाधिकारी वी बाखला ने आगे कहा कि जुलाई 2019 के विरुद्ध गोदाम में चीनी का आवंटन कम रहने के कारण परहाटोली, गढ़बुढ़नी एंव दुरूप पंचायत के डीलरों के बीच चीनी की आपूर्ति नही की गई है। वहीं माह अप्रैल 2019 का खाद्यान्न का अवशेष दिखाने के कारण क्लोजिंग बचत दिखाये जाने के कारण माह अगस्त 2019 का खाद्यान्न लुरगुमी कला के राशन डीलर मीना देवी को खाद्यान्न नही आवंटित किया गया है। जिसकी सूचना उनके द्वारा जिला आपूर्ति पदाधिकारी को भी दे दी गई है। वहीं इस संबंध में जेम्स हेरेंज से काफी प्रयास के बाद भी बात चीत नही हो सकी है।