संजीव मिश्रा,INN
सिलकनगरी भागलपुर से एक बड़ी खबर आ रही है जहाँ एक लड़की को दुष्कर्म के बाद जिन्दा जला दिया गया है,जिसकी स्थिति एकदम नाजुक है।
जिले के कहलगांव में करीबी रिश्तेदार ने 22 वर्षीया लड़की के साथ दुष्कर्म किया। लड़की ने विरोध जताया तो शरीर में आग लगाकर जान से मारने का प्रयास किया। घटना शिवनारायणपुर सहायक थाना क्षेत्र के एक गांव में बुधवार दोपहर की है।
गंभीर स्थिति में पीड़िता को अनुमंडल अस्पताल कहलगांव में भर्ती कराया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद भागलपुर के मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पीड़िता का कार्यपालक दंडाधिकारी नरेश कुमार झा ने कहलगांव अस्पताल में बयान लिया।
जिसने घटना की पुष्टि की। पीड़िता के पिता ने बुद्धुचक थाना क्षेत्र के एक गांव के करीबी रिश्तेदार के खिलाफ मामला दर्ज कराया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
रिश्ते में बहन का देवर लगता है आरोपी:
करीबी रिश्तेदार के भाई से पीड़िता की बड़ी बहन की शादी हुई थी। घर में लड़की को अकेली देख रिश्तेदार ने दुष्कर्म किया। लड़की ने विरोध किया तो उसने लड़की के शरीर पर केरोसिन छिड़ककर आग लगा दी।
आरोपी को मौके पर ही पकड़कर जमकर धुना
इस बीच लड़की की चीख-पुकार और धुआं उठता देख आसपास के ग्रामीण दौड़े और आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया। इसके बाद जमकर धुनाई की और पुलिस को बुलाकर आरोपी को सौंप दिया।
पुलिस उसे गिरफ्तार कर थाने ले गयी। पीड़िता को कहलगांव अस्पताल लाया गया, जहां प्रभारी एसडीपीओ और दंडाधिकारी की मौजूदगी में उपचार कराया गया तथा बयान लिया गया। आरोपी ने दुष्कर्म और विरोध करने पर केरोसिन छिड़ककर आग लगा देने की बात स्वीकारी है। चिकित्सकों ने बताया कि लड़की की स्थिति काफी नाजुक है तथा करीब 65 प्रतिशत जल चुकी है।
अब देखना है कि कहीं पीड़िता की भी स्थिति काजल जैसी ना हो जाये।
अब ये तो आनेवाला वक्त ही बताएगा, बरहाल जो भी हो लेकिन इतना तो साफ है कि कानून का ख़ौफ़ धीरे धीरे खत्म होता चला जा रहा है, तभी अपराधी इस गघण्य कांड को करने से नहीं डरते हैं ।