अजीत कुमार श्रीवास्तव इंडिया न्यूज नाव
गोपालगंज भोरे
कहते है अगर इंसान में हौसला है हिम्मत है तो वो बड़ा से भी बड़ा काम कर सकता है।ये किस्सा किसी शाही खानदान के बेटे का नहीं, बल्कि एक गरीब किसान के घर जन्में बेटे का है. आप के हौसलें, आपके इरादें यदि अटल हों, तो आप दुनिया के हर एक ऊंचाई को छू सकते हैं. जिले के उचकागांव प्रखंड के आशानंद टोला निवासी स्व. राजबली सिंह के बेटे रामसेवक सिंह सूबे की सियासत का एक अहम अंग है. फ़र्श से अर्श तक की इनकी मेहनतकश इरादों से आप सहित हर कोई प्रेरित होगा.
लोकप्रियता इतनी बढ़ी की मुखिया से विधायक तक का सफर किया तय
शुरू से रामसेवक सिंह सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया करते थे. साल 2001 में रामसेवक सिंह उस दौर के नामी हस्ती बाबूद्दीन खां को शिकस्त देकर पहली मर्तबा बलेसरा पंचायत के मुखिया की कुर्सी हासिल की। सियासत का यह सफ़रनामा यहीं नहीं ठहरा, मुखिया रहते इनकी लोकप्रियता इतनी उछली कि 2005 में विधानसभा के चुनाव में जनता दल यूनाइटेड ने अपना उम्मीदवार बना तत्कालीन मीरगंज विधानसभा से चुनाव लड़वाया। तब की सियासत में श्री सिंह नये इसलिए थे कि पंचायती राजनीति से विधानसभा की दहलीज पर कदम रखे थे। रामसेवक सिंह चुनाव लड़े और विधानसभा पहुंचे। तबसे लगातार 2010 एवं 2015 की विधानसभा में जीत दर्ज़ कर अबतक बिहार विधानसभा में अपने क्षेत्र की आवाज़ें बुलन्द कर रहे हैं।
सत्तारूढ़ दल के सचेतक और जदयू के राष्ट्रीय सचिव भी बनाए गए
रामसेवक सिंह सूबे के मुखिया नीतीश कुमार की नजर में तब खास राजनैतिक बन गए जब 2015 के विधानसभा आम चुनाव में पूर्व लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण मंत्री व हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा के दिग्गज नेता महाचंद्र प्रसाद सिंह को जबरदस्त पटखनी देखकर पुनः विधानसभा में गर्मजोशी से हाज़िरी लगा दी। इस दरम्यान वह विधानसभा में सत्तारूढ़ दल के सचेतक रहे और जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सचिव भी। रामसेवक सिंह आज भी झारखंड जनता दल यू के प्रभारी भी हैं.
मंत्रियों के संसद पहुंचने से खाली हुआ पद, नीतीश ने बनाया समाज कल्याण मंत्री
लोकसभा आमचुनाव में सूबे के कई विधायकों व मंत्रियों के सांसद बनने के बाद कई विभागों के मंत्री के पद खाली हुए और इसका सीधा फायदा रामसेवक सिंह को मिला. आज नीतीश कुमार ने मंत्रिमंडल का विस्तार किया और कई नये मंत्री अपने पद और गोपनीयता की शपथ लिए। इसमें गोपालगंज जिले के हथुआ विधायक रामसेवक सिंह को नीतीश मंत्रिमंडल में समाज कल्याण मंत्री बनाया गया। रामसेवक सिंह के मंत्री बनने पर जिले भर में खुशियों का माहौल है। वहीं, उनको बधाइयां देने वालों का तांता लगा हुआ है।